त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा सपत्नीक पहुंचे महाकाल मंदिर, नंदी हॉल में किया ध्यान

उज्जैन। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा सपत्नीक उज्जैन पहुंचे और विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर पहुंचने पर महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की ओर से कलेक्टर एवं समिति अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह और मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने नंदी हॉल में बैठकर कुछ समय ध्यान लगाया और शांत वातावरण में बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय से उनकी इच्छा थी कि वे महाकाल मंदिर आकर प्रत्यक्ष दर्शन करें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मंदिर क्षेत्र में जो विकास कार्य हुए हैं, उन्हें वे अब तक टीवी और स्क्रीन पर देखते रहे थे, लेकिन प्रत्यक्ष रूप से पूरा परिसर अत्यंत भव्य और सुव्यवस्थित दिखाई दिया।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से मंदिर की दिव्यता और भव्यता और अधिक बढ़ गई है और उन्हें बेहद सुकून के साथ दर्शन का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने भगवान महाकाल से देश की सुख-समृद्धि और कुशलता की प्रार्थना की, साथ ही प्रधानमंत्री के नेतृत्व को और सशक्त बनाने की कामना की।

डॉ. साहा ने विशेष रूप से त्रिपुरा राज्य के नागरिकों की उन्नति और समृद्धि के लिए भी भगवान महाकाल से प्रार्थना की और कहा कि वे प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *