कफ सिरप कांड में बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह की बढ़ीं मुश्किलें, करोड़ों का घर बनाने में लगे पैसों का देना होगा हिसाब, जेल में ED करेगी पूछताछ

लखनऊ. कफ सिरप कांड में बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जांच में सामने आया है कि करोड़ों की लागत से बनाए गए घर के लिए आलोक सिंह ने किसी भी तरह का हाउसिंग लोन नहीं लिया था, जबकि जिस जमीन पर यह मकान बना है वह उनकी पत्नी के नाम दर्ज है। अब इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय जेल में ही आलोक सिंह से पूछताछ करेगा, जहां उन्हें घर के निर्माण में लगे पैसों का पूरा सोर्स बताना होगा। यदि वह पैसों का वैध स्रोत नहीं बता पाए तो संपत्ति कुर्क किए जाने की कार्रवाई की जा सकती है।

बता दें कि बीते दिसंबर में कफ सिरप तस्करी सिंडिकेट से जुड़े आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई थी। इस दौरान लखनऊ, वाराणसी, जौनपुर और सहारनपुर में एक साथ 25 ठिकानों पर छापेमारी हुई थी। लखनऊ में बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह की कोठी पर भी ईडी ने रेड की थी। जांच के दौरान ईडी ने संदिग्ध वित्तीय लेन-देन, हवाला रूट और विदेशों से जुड़े संभावित लिंक खंगाले थे।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। बीते 4 दिसंबर को जौनपुर में एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन दिनों के भीतर 16 फर्म संचालकों के 30 बैंक खातों को फ्रीज किया था। जांच में सामने आया कि जौनपुर से बिलिंग कर फर्जी तरीके से कफ सिरप को गाजीपुर, आजमगढ़, प्रतापगढ़, चंदौली, मिर्जापुर और वाराणसी सहित छह जिलों में सप्लाई किया गया था। अब इस पूरे नेटवर्क की परतें एक-एक कर खुल रही हैं और आलोक सिंह से जुड़ी जांच में आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *