इंदौर की रेशम केंद्र गौशाला में भूख-प्यास से 20 गायों की मौत, कांग्रेस ने जारी किया मृत गायों का वीडियो, सरकार पर उठे सवाल

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से गोवंश संरक्षण को लेकर एक बार फिर बड़ा और संवेदनशील मामला सामने आया है। शहर के रेशम केंद्र क्षेत्र स्थित गौशाला में करीब 20 गायों की मौत हो गई है। कांग्रेस ने इन मौतों को भूख, प्यास और गंभीर लापरवाही का नतीजा बताया है और मामले को लेकर सरकार पर सीधा हमला बोला है।

कांग्रेस नेताओं ने गौशाला परिसर के अंदर का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है, जिसमें कई गायों के शव जमीन पर पड़े हुए साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो में गायों की हालत बेहद दयनीय दिखाई दे रही है। कांग्रेस का आरोप है कि गौशाला में गायों को समय पर चारा और पानी तक नहीं दिया गया, जिसके चलते उनकी भूख से मौत हो गई। पार्टी ने इसे सरकार की गोवंश संरक्षण नीति की पूरी तरह से विफलता करार दिया है।

इस मामले को लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी है। ईमेल में तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने और गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गोवंश प्रेम की राजनीति करने वाली सरकार के राज में इस तरह गायों की मौत होना बेहद शर्मनाक है और यह सिर्फ लापरवाही नहीं बल्कि सरकार की संवेदनहीनता को उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *