यूपी के दो IPS अफसर रचाने जा रहे शादी, संभल एसपी केके बिश्नोई और बरेली एसपी अंशिका वर्मा की लव स्टोरी बनेगी जीवनसाथी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के दो आईपीएस अफसर जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। संभल के एसपी केके बिश्नोई और बरेली की एसपी अंशिका वर्मा की शादी तय हो गई है, जिसे लेकर पुलिस महकमे से लेकर पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है। दोनों की शादी 29 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर में होगी, जबकि शादी के बाद जोधपुर के एक रिसॉर्ट में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। फिलहाल दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुट गए हैं।

दरअसल केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा की मुलाकात साल 2023 में गोरखपुर में हुई थी। उस समय केके बिश्नोई गोरखपुर में एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, जबकि अंशिका वर्मा वहां अंडर ट्रेनिंग आईपीएस अधिकारी के रूप में काम कर रही थीं। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान शुरू हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई और समय के साथ यह दोस्ती प्यार में बदल गई।

अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और फिलहाल बरेली में एसपी के पद पर तैनात हैं। वह प्रयागराज के सिविल लाइन इलाके की रहने वाली हैं। वहीं केके बिश्नोई 2018 बैच के यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमना गांव के निवासी हैं।

अब दोनों की यह दोस्ती और प्यार शादी के रिश्ते में बदलने जा रहा है। 29 मार्च को बाड़मेर में होने वाली इस शादी को लेकर दोनों परिवारों के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *