जबलपुर में दो ठगी के बड़े मामले, वर्क फ्रॉम होम और ढोंगी बाबा के जाल में फंसे लोग

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में ठगी के दो अलग-अलग मामलों ने लोगों को सतर्क कर दिया है, जहां एक ओर वर्क फ्रॉम होम के नाम पर छात्रा से लाखों की ठगी हुई, तो दूसरी ओर ढोंगी बाबाओं ने करोड़ों का लालच देकर युवक को चूना लगा दिया।

घमापुर क्षेत्र में एक कॉलेज छात्रा को टेलीग्राम पर मैसेज के जरिए ऑनलाइन जॉब का झांसा दिया गया, जिसमें उसे वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ट्रेडिंग का काम बताकर पैसे जमा कराने को कहा गया।

धीरे-धीरे छात्रा ने जालसाजों के खाते में करीब 1 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए, लेकिन न तो उसे कोई काम मिला और न ही पैसे वापस हुए, ठगी का एहसास होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं बरगी थाना क्षेत्र में साधु के भेष में आए दो ठगों ने एक युवक को 5 करोड़ रुपए दिलाने का लालच देकर 28 हजार रुपए ऐंठ लिए।

ठगों ने पहले युवक से बातचीत कर उसका भरोसा जीता, फिर हाथ देखकर उसे भाग्यशाली बताया और तरह-तरह के तथाकथित चमत्कार दिखाकर उसे अपने झांसे में ले लिया।

बाबा के झूठे चमत्कार से प्रभावित होकर युवक ने पूजा-पाठ के नाम पर पैसे दे दिए, लेकिन कुछ ही देर बाद उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत कर दी।

इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब 7 किलोमीटर तक पीछा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान रविंद्र और विक्रम नाथ के रूप में हुई है, जो नोएडा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है और लोगों से अपील कर रही है कि ऐसे लालच और झूठे वादों से सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *