2 साल की दुधमुंही बच्ची और मां की संदिग्ध मौत, ससुराल पर हत्या का आरोप, मायके का दावा- पैसों की मांग पूरी नहीं होने पर उतारा मौत के घाट

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। करेली थाना क्षेत्र के कोदसा गांव में एक महिला मुस्कान पटेल और उसकी महज दो साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। देर रात हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी और मातम का माहौल है।

मृतका के मायके पक्ष ने इसे सीधी हत्या करार देते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मुस्कान को लगातार पैसों के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार मांग पूरी की गई, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वालों की लालच खत्म नहीं हुई और अंततः मां-बेटी को मौत के घाट उतार दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर मामला घरेलू प्रताड़ना से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या सुनियोजित हत्या।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *