उज्जैन। त्योहारों के बीच मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। सख्त चेकिंग अभियान के दौरान देवास गेट थाना क्षेत्र में दो युवकों को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नर्सिंग कॉलेज हॉस्टल के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक धारदार हथियार लेकर किसी गंभीर वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, इलाके की घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से लोहे के खटकेदार धारदार चाकू बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सावन शेर, उम्र 24 साल, और रौनक करपुरिया, उम्र 19 साल, के रूप में हुई है। दोनों बहादुरगंज, उज्जैन के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि हाल ही में शहर में चाकूबाजी की दो घटनाएं सामने आई थीं, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। त्योहार के मद्देनजर शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

