UGC को लेकर यूनिवर्सिटी में बवाल, दो गुटों में मारपीट, कई विद्यार्थी घायल

प्रयागराज. इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी में यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को हालात अचानक बेकाबू हो गए और बरगद लॉन में छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए।

बताया जा रहा है कि एक गुट यूजीसी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर रहा था, तभी दूसरे गुट के करीब 30 से 40 छात्र वहां पहुंच गए और बहस ने देखते ही देखते झड़प का रूप ले लिया।

दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें दोनों गुटों के कई विद्यार्थी घायल हो गए।

छात्रों के एक गुट का आरोप है कि बातचीत के दौरान दूसरे पक्ष ने अचानक हमला कर दिया, जबकि दूसरे गुट की ओर से भी मारपीट का आरोप लगाया जा रहा है।

घटना के दौरान जातिसूचक गालियां देने और कुछ छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं, जिससे परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित कर स्थिति को शांत कराया गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *