उज्जैन को मिली बड़ी सौगात—CM डॉ. मोहन यादव ने किया आकाशवाणी केंद्र का लोकार्पण, FM 102.5 पर शुरू हुआ स्थानीय प्रसारण

उज्जैन में आज एक ऐतिहासिक पल दर्ज हुआ, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आकाशवाणी केंद्र के स्थानीय प्रसारण का विधिवत लोकार्पण किया। इस मौके पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरूगन और आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर वाले उज्जैन में आकाशवाणी का स्थानीय प्रसारण शुरू होना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि आकाशवाणी आज़ादी से पहले से ही कला, संस्कृति, इतिहास और सभ्यता को संजोने का प्रमुख माध्यम रहा है, और यह नया केंद्र स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को नई पहचान देगा।

आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने बताया कि आज से स्थानीय प्रसारण शुरू हो चुका है और प्रतिदिन करीब 6 घंटे इसका प्रसारण होगा। अब तक जो विविध भारती का रिले सुना जाता था, उसमें कुछ कमी लाकर स्थानीय कार्यक्रमों का समय बढ़ाया जाएगा, ताकि क्षेत्र की जरूरतों और रुचियों को पूरा किया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए स्थानीय बोली मालवी में कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं। इससे न सिर्फ स्थानीय कला, संस्कृति और धरोहर को बढ़ावा मिलेगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इन्हें सुरक्षित रखना भी आसान होगा। जैन ने कहा कि आकाशवाणी इस समय 23 भाषाओं और 182 स्थानीय बोलियों में प्रसारण करता है और यही वजह है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा रेडियो नेटवर्क माना जाता है।
“बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय”— इसी भावना के साथ आकाशवाणी आगे भी देश के हर कोने की आवाज़ बनकर काम करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *