बुलडोजर कार्रवाई पर उमा भारती नाराज, बोलीं- बिना चेतावनी गरीबों की रोजी-रोटी छीन ली

टीकमगढ़। मध्यप्रदेश में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है, जहां पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाने वाली उमा भारती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कार्रवाई को अनुचित बताया और कहा कि बिना चेतावनी गरीबों की आजीविका को नष्ट कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि वह टीकमगढ़ में मौजूद थीं और जैसे ही उन्हें तोड़फोड़ की जानकारी मिली, वह मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक दुकानों को तोड़ा जा चुका था।

उमा भारती ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन ने बिना नोटिस और बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए ही कार्रवाई कर दी, जबकि पहले यह तय हुआ था कि छोटे दुकानदारों और ठेले वालों के लिए नई जगह चिन्हित कर उन्हें शिफ्ट किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गरीबों को पहले स्थान दिए बिना इस तरह की कार्रवाई करना गलत है और इस पूरे मामले की जानकारी उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी भेज दी है।

इस बयान के बाद अब यह मामला राजनीतिक रूप से और गरमा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *