एंबुलेंस नहीं मिली तो हाथ ठेले पर बीमार पत्नी को ले जा रहा था पति, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

सागर। स्मार्ट सिटी के दावे करने वाले सागर शहर से एक ऐसी मार्मिक तस्वीर सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में किराए के कमरे में रहने वाला एक वृद्ध अपनी बीमार पत्नी को हाथ ठेले पर अस्पताल ले जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पत्नी ने दम तोड़ दिया।
दर्द यहीं नहीं थमा, सुबह करीब 10 बजे वही वृद्ध अपनी पत्नी के शव को उसी हाथ ठेले पर रखकर श्मशान घाट की ओर जाता दिखाई दिया।

रोते हुए वृद्ध ने अपना नाम पवन साहू बताया और कहा कि उसकी पत्नी पार्वती साहू लंबे समय से बीमार थी। पवन साहू मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले का रहने वाला है और पिछले 12–13 वर्षों से सागर में रहकर सब्जी का ठेला लगाकर गुजर-बसर कर रहा था। पत्नी की तबीयत अचानक बिगड़ी तो मजबूरी में वह हाथ ठेले पर ही उसे अस्पताल ले जाने निकला, लेकिन किस्मत ने रास्ते में ही साथ छोड़ दिया।

एंबुलेंस न बुलाने के सवाल पर उसने बताया कि उसे किसी तरह की जानकारी नहीं थी और वह बस अपनी पत्नी को बचाने की कोशिश कर रहा था। विडंबना यह रही कि वही ठेला, जिससे वह रोजी कमाता था, उसी पर उसकी पत्नी की अंतिम यात्रा भी पूरी हुई।

सबसे पीड़ादायक पहलू यह रहा कि यह सब सुबह के वक्त हुआ, जब शहर में चहल-पहल रहती है, लेकिन रास्ते भर लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने मदद के लिए हाथ आगे नहीं बढ़ाया।

करीब दो किलोमीटर चलकर मोतीनगर चौराहा पहुंचने पर पार्षद प्रतिनिधि नरेश यादव और कुछ स्थानीय लोगों ने मानवीय पहल करते हुए वृद्ध की मदद की और अंतिम संस्कार की व्यवस्था करवाई। यह घटना एक बार फिर सवाल छोड़ गई कि क्या विकास के दावों के बीच हमारी इंसानियत कहीं पीछे छूटती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *