भोपाल। मसूरी में छुट्टियां मनाने गए भोपाल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर हर्ष की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हार्ट अटैक सामने आई है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह मसूरी की कड़ाके की ठंड बर्दाश्त नहीं कर सका।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ मौत की असली वजह का खुलासा
रिपोर्ट के मुताबिक हर्ष की अचानक तबीयत बिगड़ने से हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई, इस खुलासे के बाद परिवार और दोस्तों में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिवार शव को लेकर मसूरी से भोपाल के लिए रवाना हो गया है।
खुले में बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद गया था कमरे में सोने
बताया जा रहा है कि हर्ष ने देर रात दोस्तों के साथ खुले में बर्थडे सेलिब्रेशन किया था, ठंड के बीच पार्टी खत्म होने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया, लेकिन अगली सुबह जब वह बाहर नहीं आया तो दरवाजा खोला गया और अंदर उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई।
न्यू ईयर पर दोस्तों संग गया था मसूरी
जानकारी के अनुसार हर्ष नए साल पर दोस्तों के साथ मसूरी घूमने गया था, 2 जनवरी की रात दोस्तों ने अपनी मित्र भावना वर्मा का जन्मदिन मनाया था, किसी को अंदाजा नहीं था कि जश्न की उसी रात के बाद यह दर्दनाक हादसा सामने आ जाएगा।

