भोपाल। Bhopal से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने पहले घर में घुसकर फायरिंग की और बाद में घायल युवक का पीछा करते हुए अस्पताल तक पहुंचकर भी गोलियां चला दीं। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि मामला Hamidia Hospital के इमरजेंसी गेट का है, जहां बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। जानकारी के अनुसार पहले बदमाशों ने अशोका गार्डन इलाके में रहने वाले पुराने बदमाश लल्लू रईस के घर में घुसकर करीब आठ से नौ राउंड गोलियां चलाईं।
इस फायरिंग में लल्लू रईस का बेटा इमरान घायल हो गया, जिसके पैर में गोली लगने की बात सामने आई है। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि बदमाश यहां भी पहुंच गए और अस्पताल के इमरजेंसी गेट के पास फिर से फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे पुरानी दुश्मनी को वजह माना जा रहा है। आरोप है कि शादाब नाम के बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले घर पर हमला किया और बाद में अस्पताल तक पहुंचकर भी दहशत फैलाने की कोशिश की।
राजधानी भोपाल में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल के बाहर फायरिंग की घटना से लोगों में डर का माहौल बन गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

