कलयुगी मामा ने भांजी पर किया जानलेवा हमला, लहूलुहान हालत में पहुंचाया अस्पताल, स्थिति गंभीर, हिरासत में आरोपी

मंडला। जिले के घुघरी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी मामा ने अपनी सगी भांजी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

यह घटना ग्राम पंचायत मलवाथर की बताई जा रही है, जहां दोपहर करीब एक बजे आरोपी छिबला टोला निवासी युवती के घर पहुंचा। उस समय घर में कोई और मौजूद नहीं था और इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने धारदार हथियार से युवती के सिर पर हमला कर दिया। हमला इतना भयावह था कि युवती मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गई।

वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए नाटक रचते हुए घायल युवती को पीठ पर लादकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही घुघरी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए छतरपुर चौराहा, ग्राम टिकरिया के पास से आरोपी को पकड़ लिया।

घायल युवती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उसका इलाज जारी है और हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के अनुसार महिला के बयान दर्ज होने के बाद ही घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *