मोदी-योगी के ‘एक्शन प्लान फॉर काशी एंड सारनाथ’ के तहत काशी के 10 प्रमुख स्थलों पर शुरू होने जा रहा है फसाड लाइटिंग का भव्य काम

वाराणसी. काशी के घाट, मंदिर और धार्मिक धरोहरें अब रात के समय भी जगमगाती नज़र आएंगी, क्योंकि मोदी–योगी सरकार के ‘एक्शन प्लान फॉर काशी एंड सारनाथ’ के तहत वाराणसी को एक नई, दिव्य और भव्य चमक देने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस बड़ी परियोजना के तहत शहर के 10 प्रमुख स्थलों पर फसाड लाइटिंग का काम शुरू होने वाला है। 2410.99 लाख रुपये की लागत वाली यह योजना काशी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक सौंदर्य को रात में और भी मनमोहक बनाने का लक्ष्य रखती है।

वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि इस परियोजना में अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, पंचगंगा घाट, केदार घाट, संकट मोचन मंदिर, काल भैरव मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, भारत माता मंदिर, दुर्गा कुंड मंदिर और तुलसी मानस मंदिर शामिल हैं। फसाड लाइटिंग के जरिए इन स्थलों की भव्यता और वास्तुकला का दिव्य रूप रात में भी साफ दिखाई देगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक बिल्कुल नया अनुभव मिलेगा।

परियोजना का मकसद सिर्फ सुंदरता बढ़ाना नहीं, बल्कि काशी के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को दुनिया के सामने और मजबूत तरीके से पेश करना है। रात में सुरक्षित और आकर्षक माहौल बनाकर वाराणसी में नाइट टूरिज़्म को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय व्यापार, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी बड़ा फायदा होने की उम्मीद है।

यह कदम काशी को वैश्विक सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले समय में काशी की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और ज्यादा मजबूती से स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *