केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने MP को दी बड़ी सौगात, 2 लाख करोड़ निवेश परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण, ग्वालियर से विकास को मिली नई रफ्तार

ग्वालियर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ग्वालियर में मध्य प्रदेश को विकास की बड़ी सौगात देते हुए करीब दो लाख करोड़ रुपये की निवेश परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ऐतिहासिक ग्वालियर व्यापार मेले का शुभारंभ किया, जिसकी शुरुआत वर्ष 1905 में हुई थी, साथ ही अटल म्यूजियम के उन्नयन कार्य का भी लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा स्पीकर, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद रहे और सभी ने एमपी ग्रोथ समिट को प्रदेश के लिए मील का पत्थर बताया।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है और इस पावन अवसर पर एमपी ग्रोथ समिट का आयोजन रोजगार और विकास की नई संभावनाओं को जन्म देगा। उन्होंने कहा कि इस समिट के माध्यम से प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और मध्य प्रदेश औद्योगिक प्रगति की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इस दिन को मध्य प्रदेश के लिए स्वर्णिम दिन बताया। उन्होंने कहा कि यह दिन इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा, क्योंकि अटल जी की जन्म जयंती पर आयोजित एमपी ग्रोथ समिट 2025 से ग्वालियर की पावन धरती से विकास और सुशासन के संकल्प लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार और उनके शब्द आज भी जीवन का आधार हैं और उन्हीं के सपनों को साकार करने की दिशा में यह समिट एक बड़ा कदम है।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि उत्तरदायित्व का दिवस बताया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर के सपूत और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर आयोजित यह समिट इतिहास के पन्नों में दर्ज होने वाला कार्य है, जिसे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने दो साल के कार्यकाल में साकार किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के लिए सुशासन जरूरी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह एमपी ग्रोथ समिट उसी सुशासन का जीवंत उदाहरण है।

सिंधिया ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कारण देश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई, धारा 370 का अंत हुआ और नक्सलवाद व आतंकवाद पर प्रभावी कार्रवाई हुई। उन्होंने अटल जी को केवल प्रधानमंत्री नहीं बल्कि युगद्रष्टा बताते हुए कहा कि राजनीति उनके लिए सत्ता का साधन नहीं बल्कि जनता की सेवा का माध्यम थी। उन्होंने मंच से उद्योगपतियों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने मध्य प्रदेश में निवेश कर प्रदेश की संभावनाओं पर भरोसा जताया है।

इस मौके पर ऊर्जा, खनन, पर्यटन और स्वास्थ्य क्षेत्रों से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया, जिससे लगभग एक लाख तिरानवे हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। ग्वालियर से शुरू हुई यह पहल मध्य प्रदेश की विकास यात्रा में एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ती नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *