ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शातिर चोरों ने दुकानदार की नजरों के सामने से बीड़ी से भरा कार्टून उड़ा लिया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद व्यापारियों ने चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के घासमंडी इलाके में प्रतीक जैन की किराने की दुकान है। रात के समय दुकान पर दो युवक पहुंचे। एक युवक ने दुकानदार से गुटखा मांगा और जैसे ही दुकानदार गुटखा का पाउच देने में व्यस्त हुआ, तभी दूसरा युवक दुकान के बाहर रखा बीड़ी के बंडल से भरा कार्टून उठाकर मौके से फरार हो गया।
जब दुकानदार ने बाहर निकलकर देखा तो चोर कार्टून लेकर भाग चुका था। इसके बाद तत्काल सीसीटीवी फुटेज की मदद से व्यापारियों ने अपने साथियों के साथ चोरों का पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए चोरों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस पूछताछ में एक आरोपी की पहचान राजेश कुशवाह के रूप में हुई है, जो रामदास घाटी क्षेत्र का रहने वाला है। वहीं उसके साथी छोटे खान को भी गिरफ्तार किया गया है, जो ग्राम भौरी थाना चीनोर क्षेत्र का निवासी है। पुलिस का कहना है कि दोनों ने मिलकर इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

