लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही आज दूसरे दिन में प्रवेश कर चुकी है। योगी सरकार आज सदन में चालू वित्तीय वर्ष का पहला अनुपूरक बजट पेश करने जा रही है। दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सदन की कार्यवाही में मौजूद रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक इस अनुपूरक बजट में बुनियादी ढांचे से जुड़े विभागों को खास प्राथमिकता दी जा सकती है। लोक निर्माण विभाग, सिंचाई और जल संसाधन, शहरी विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे अहम विभागों को अतिरिक्त बजट मिलने की संभावना है। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे, सड़कों और पुलों के निर्माण, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, ग्रामीण पेयजल योजनाओं, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, मेडिकल कॉलेजों और आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद के लिए भी प्रावधान किए जा सकते हैं।
सत्र के दूसरे दिन सदन में वंदे मातरम् को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। विधानसभा का यह शीतकालीन सत्र 24 दिसंबर तक चलेगा, जिसके दौरान कुल 8 नए विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे। राज्य सरकार इस सत्र में अपने सभी विधायी कार्यों को निपटाने की रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है।

