हरदा। जिले की ग्राम पंचायत पलासनेर में शनिवार शाम एक दर्दनाक और गंभीर घटना सामने आई, जहां ड्यूटी के दौरान पंचायत सचिव ओमप्रकाश गुर्जर की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। रविवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस घटना के बाद गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। सरपंच संघ और सचिव संघ ने एसडीएम संजीव कुमार नागु को ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों और पंचायत के कुछ पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सरपंच सरोज चौरसिया का कहना है कि उपसरपंच सहित कुछ लोग लंबे समय से सचिव और सरपंच के खिलाफ लगातार झूठी और निराधार शिकायतें कर रहे थे, जिसके चलते बार-बार जांच टीमें पंचायत पहुंचती रहीं और सचिव मानसिक दबाव में आ गए।
आरोप है कि शनिवार को भी जांच से जुड़ी गतिविधियों के कारण सचिव पर अत्यधिक तनाव बढ़ा, जिससे ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी जान चली गई। सरपंच का कहना है कि यह घटना सुनियोजित मानसिक प्रताड़ना का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब सरपंच संघ और सचिव संघ ने उपसरपंच सहित सात लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।


