चंदौली. यूजीसी बिल के विरोध में चंदौली जनपद में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के बैनर तले सवर्ण समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुटे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी बिल को काला कानून बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
धरना प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारी जिलाधिकारी कार्यालय की ओर कूच कर गए और कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ भी नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यूजीसी बिल शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक संतुलन के खिलाफ है।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह बिल सिर्फ सवर्ण समाज ही नहीं बल्कि पूरे देश के छात्रों और शिक्षण संस्थानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। जब तक यह काला कानून वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
युवा मोर्चा अध्यक्ष अखिलेश सिंह शांडिल्य ने कहा कि सरकार समाज से संवाद किए बिना ऐसे बिल ला रही है, जो युवाओं के हितों पर सीधा हमला है। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का युवा मोर्चा सड़क से लेकर सदन तक इस बिल का विरोध करेगा और जरूरत पड़ी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन ने ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

