रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के गैरतगंज नगर परिषद के एक कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया, जब बच्चों की समस्या लेकर पहुंचे एक युवक के साथ मंच पर खुलेआम बदसलूकी की गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक अपनी समस्याएं लेकर मंच तक पहुंचे, लेकिन पहले तो उनकी बातों को नजरअंदाज किया गया। इसके बाद हालात तब बिगड़ गए, जब भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने सरेआम एक युवक को मंच से धक्का दे दिया। इस दौरान मंच पर सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी भी मौजूद थे, लेकिन उनके सामने युवकों के साथ बदसलूकी होती रही और किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं किया गया।
घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या वोट लेने के बाद जनता की आवाज सुनना नेताओं को नागवार गुजरता है। क्या यही वो सम्मान है, जिसकी उम्मीद फरियादी युवक अपने जनप्रतिनिधियों से करते हैं। वायरल वीडियो ने जनप्रतिनिधियों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

