सिंगरौली। नगर निगम के वार्षिक बजट को लेकर शहर में गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। जहां एक ओर पार्षद बजट को लेकर चिंतित हैं, वहीं महापौर ने देरी को लेकर आयुक्त सविता गौड़ पर मनमानी करने का आरोप लगाया है।
महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि जब पूरे प्रदेश में नगर निगम के बजट पेश हो रहे हैं, तब सिंगरौली में अब तक कोई ठोस पहल नहीं दिख रही, जबकि समय बेहद कम बचा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बजट को लेकर लगातार हीलाहवाला किया जा रहा है। कई बार पत्र भेजे गए, एक बार बजट की फाइल भी भेजी गई, जिसमें संशोधन कर उसी दिन वापस कर दी गई, लेकिन अब तक एमआईसी की बैठक तक नहीं बुलाई गई।
महापौर ने कहा कि एमआईसी की बैठक के बाद ही बजट परिषद में पेश किया जाता है, लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही।
उन्होंने यह भी कहा कि आयुक्त छुट्टी पर हैं, लेकिन इसकी कोई सूचना उन्हें नहीं दी गई।
वहीं बीजेपी पार्षद संतोष शाह दडोली ने भी बजट में देरी पर नाराजगी जताई है। पार्षदों में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है।
उधर प्रभारी आयुक्त आरपी बैश से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया, जिससे उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।

