लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची की एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी, जिसे लेकर प्रदेशभर के मतदाताओं की नजरें टिकी हुई हैं। फिलहाल यूपी में कुल 15 करोड़ 44 लाख मतदाता दर्ज हैं, जिनमें से करीब 2 करोड़ 89 लाख नाम कटने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने के बाद भी मतदाताओं को अपना नाम जुड़वाने या सुधार कराने का अवसर मिलेगा।
बताया जा रहा है कि दोपहर 3 बजे निर्वाचन आयोग की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी, जिसमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक करेंगे। इसके बाद मतदाता चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना नाम सूची में जांच सकेंगे।
एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। अगर किसी मतदाता का नाम गलती से कट गया है, तो वह 6 फरवरी तक आपत्ति दर्ज करा सकता है। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने पर नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराया जा सकेगा। वहीं 6 जनवरी से 27 फरवरी तक नोटिस चरण, गणना प्रपत्रों पर निर्णय, दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
गौरतलब है कि यूपी में एसआईआर प्रक्रिया के तहत गणना फॉर्म भरने की अंतिम तारीख पहले 4 दिसंबर तय की गई थी, जिसे बाद में 12 दिसंबर और फिर 26 दिसंबर तक बढ़ाया गया। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 31 दिसंबर को जारी होनी थी, लेकिन तारीख बढ़ाकर 6 जनवरी कर दी गई। अब आज जारी होने वाली इस ड्राफ्ट लिस्ट पर प्रदेश के करोड़ों मतदाताओं की निगाहें टिकी हुई हैं।

