मैहर। मैहर स्थित मां शारदा देवी मंदिर में नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश के बाहुबली विधायक राजा भैया ने गर्भगृह में प्रवेश कर शस्त्र पूजा की और प्रतिबंध के बावजूद पुजारी को रायफल थमा दी।
मंदिर प्रशासन की गाइडलाइंस के मुताबिक लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर में अस्त्र-शस्त्र ले जाना प्रतिबंधित है और गर्भगृह में प्रवेश की भी अनुमति नहीं होती, इसके बावजूद राजा भैया ने इन नियमों का उल्लंघन किया और पुजारी नितिन महाराज से गर्भगृह में ही शस्त्र पूजा कराई।
हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद पुलिस जवानों और सुरक्षा गार्ड्स ने न तो उन्हें रोका और न ही किसी तरह की आपत्ति दर्ज की, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
यह वीडियो 6 फरवरी का बताया जा रहा है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और खुद राजा भैया ने भी इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
इस घटना के सामने आने के बाद मंदिर क्षेत्र प्रभारी की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं और मैहर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की घोर लापरवाही उजागर हो गई है, अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

