‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ – आजादी के आंदोलन का मंत्र, ग्वालियर में उत्साह और गर्व के साथ मनाया गया समारोह

ग्वालियर। राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ आज ग्वालियर में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। बाल भवन में आयोजित मुख्य समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई और इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन किया। इस दौरान लोगों को स्वदेशी अपनाने का संकल्प भी दिलाया गया।

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि “वंदे मातरम्” सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि आजादी के आंदोलन का वो मंत्र था जिसने देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों को साहस, प्रेरणा और आत्मबल दिया। उन्होंने कहा कि आज जब हम स्वतंत्र हैं, तब इस गीत के महत्व को याद रखना और नई पीढ़ी को इससे जोड़ना बेहद जरूरी है।

वहीं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि ऐसे आयोजनों से राष्ट्रभक्ति की भावना को नई ऊर्जा मिलती है और युवाओं में देशप्रेम का जोश बढ़ता है। उन्होंने कहा कि यह गीत हमें याद दिलाता है कि देश के लिए एकजुट होकर काम करना ही सच्ची देशसेवा है।

ग्वालियर के इस समारोह से दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने “वंदे मातरम्” पर आधारित 150 रुपये का स्मारक सिक्का और एक विशेष डाक टिकट जारी किया। साथ ही एक समर्पित वेबसाइट का भी शुभारंभ किया गया, जो राष्ट्रगीत की विरासत और इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम करेगी।

ग्वालियर के इस आयोजन में हर चेहरे पर गर्व और देशभक्ति झलक रही थी। राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ ने पूरे शहर में स्वाभिमान और देशभक्ति का ऐसा माहौल बना दिया कि हर कोना “वंदे मातरम्” की गूंज से भर उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *