सब्जी व्यवसायी का अनोखा विरोध, हाथठेला नहीं मिला तो एसपी कार्यालय में लगाई दुकान

 सागर। मध्य प्रदेश के सागर में एक सब्जी दुकानदार ने न्याय न मिलने पर ऐसा अनोखा विरोध किया कि पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। गोपालगंज थाना पुलिस द्वारा सब्जी का हाथठेला वापस न दिलाए जाने से आहत दुकानदार ने सीधे एसपी कार्यालय के बाहर जमीन पर सब्जियां सजा कर दुकान लगा ली और अपना विरोध दर्ज कराया।

पीड़ित कौशल राठौर, निवासी गुलाब कॉलोनी शिवाजी वार्ड ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उसने जुलाई 2025 में 6 हजार रुपये खर्च कर सब्जी का हाथठेला खरीदा था। आरोप है कि 16 दिसंबर 2025 को अशोक यादव, उसकी पत्नी और कुछ अन्य लोग उसके पास आए, मारपीट की, सब्जियां फेंक दीं और करीब 2 हजार रुपये नकद के साथ हाथठेला लेकर फरार हो गए।

कौशल का कहना है कि घटना की सूचना उसने तुरंत 112 पर दी, लेकिन गोपालगंज थाने में न तो उसकी रिपोर्ट दर्ज की गई और न ही कोई कार्रवाई हुई। उल्टा उसे धमकाया गया और बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद न एफआईआर लिखी गई और न ही उसका हाथठेला वापस मिला।

हाथठेला छिन जाने से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया, जिसके बाद मजबूर होकर कौशल एसपी कार्यालय पहुंचा और वहीं सब्जियां बेचकर अपनी पीड़ा जाहिर की। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जब यह नजारा देखा तो मामले की गंभीरता समझ में आई।

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज कराने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि उसे न्याय मिल सके और उसका रोजगार दोबारा शुरू हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *