रीवा । Rewa में बने अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां देर रात कार्यालय के भीतर ही शराब पार्टी चलती हुई कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि शनिवार रात कार्यालय के कमरा नंबर 10 में कुछ कर्मचारी जाम छलकाते नजर आए, जिसका वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार इस दौरान अनुविभागीय दंडाधिकारी के रीडर धर्मेंद्र पटेल और दिलीप पाल शराब पीते हुए कैमरे में दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि जब एक युवक ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो नशे में धुत कर्मचारियों ने उसके साथ झूमाझटकी की और उसका मोबाइल छीन लिया।
पीड़ित युवक सूरज सोंधिया के मुताबिक जब उसने वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया तो कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट भी की और मोबाइल छीनने के बाद मौके से भाग निकले। घटना के बाद कार्यालय के कुछ अन्य कर्मचारी भी वहां से निकल गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात होते ही काम निपटाने के बहाने कई कर्मचारी कार्यालय में रुक जाते हैं और फिर वहीं शराब पार्टी शुरू हो जाती है। बताया जा रहा है कि इस तरह की महफिल अक्सर कार्यालय के कमरा नंबर 10 में सजती है, जिसमें कुछ पटवारी भी शामिल होते हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित युवक ने पूरे मामले की शिकायत एसडीएम हुजूर Dr Anurag Tiwari को दी। इसके बाद एसडीएम कार्यालय पहुंचे और मामले की जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कर्मचारियों की गलती सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।

