सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के रघुराजनगर तहसील कार्यालय से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बर्खास्त बाबू को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए देखा जा रहा है, वीडियो वायरल होते ही राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति की पहचान रामशरण प्रजापति के रूप में की जा रही है, जिन्हें साल 2015 में लोकायुक्त द्वारा रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के बाद नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था, लेकिन अब फिर से उनका नाम इस नए वीडियो में सामने आने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो में दिख रहा है कि वह तहसील कार्यालय में नायब नजीर की कुर्सी पर बैठे हुए हैं और रिकॉर्ड निकालने के नाम पर लोगों से पैसे लेते नजर आ रहे हैं, पहले वह फाइलें ढूंढते हैं और फिर संबंधित व्यक्ति को बाहर ले जाकर करीब एक हजार रुपये लेते दिखाई देते हैं।
मामले के सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है, सिटी एसडीएम राहुल सिलाड़िया ने कहा है कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

