श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर में महाशिवरात्रि के पावन मौके पर निकली पारंपरिक शिव बारात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है। श्योपुर जिले के बड़ौदा थाना क्षेत्र के मुंडला गांव में आयोजित इस धार्मिक आयोजन के दौरान कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल घोड़ी पर सवार नजर आए और उन्होंने कथित तौर पर हर्ष फायरिंग की। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि विधायक घोड़ी पर बैठे हुए हाथ में बंदूक लेकर हवा में दो राउंड फायर करते हैं।
यही नहीं, वीडियो में उनके बेटे गोविंद जंडेल भी भीड़ के बीच खड़े होकर गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। उस समय बारात में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। ऐसे माहौल में हर्ष फायरिंग को लेकर सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि हवा में चलाई गई गोलियां वापस गिरकर किसी को भी घायल कर सकती हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार, 15 फरवरी 2026 को शिव-पार्वती प्राण प्रतिष्ठा और भागवत कथा के आयोजन के दौरान हुई। धार्मिक उत्सव के बीच हुई इस फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

