शहडोल में बिजली विभाग की टीम पर हमला, कार से कुचलने की कोशिश का वीडियो वायरल

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बकाया बिजली बिल वसूली के लिए पहुंची एमपीईबी टीम पर हमला कर दिया गया, आरोप है कि कुछ युवकों ने रास्ता रोककर न सिर्फ कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की बल्कि लाठी-डंडों से घेरकर जान से मारने की धमकी भी दी, हैरानी की बात यह रही कि मौके पर खड़ी विभागीय गाड़ी को तेज रफ्तार कार से कुचलने की कोशिश भी की गई, इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक अमलाई थाना क्षेत्र के गिरवा गांव में जूनियर इंजीनियर विकास गोंडुड़े अपनी टीम के साथ बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए पहुंचे थे, इसी दौरान गांव के पास कार सवार पवन यादव और नितिन रजक ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोक लिया और हाथों में लाठी-डंडे लेकर कर्मचारियों को डराने-धमकाने लगे, आरोप है कि उन्होंने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए गाली-गलौज की और विभाग की गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की।

घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरा घटनाक्रम अपने कैमरे में कैद कर लिया, जो अब वायरल हो रहा है और पूरे मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है, पुलिस ने एमपीईबी टीम की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, वहीं दूसरी ओर कार चालक की ओर से भी विभागीय कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है, फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है और सच्चाई सामने लाने की कोशिश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *