सांसद के बिगड़े बोल का वीडियो वायरल, महिला को कहा- चुप रहो

सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी से बीजेपी सांसद Dr. Rajesh Mishra एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, सांसद अपने संसदीय क्षेत्र के बहरी गांव में आयोजित संकल्प से समाधान शिविर में पहुंचे थे, जहां एक ग्रामीण महिला ने उनसे गांव की समस्याओं को लेकर सीधा सवाल पूछ लिया।

महिला ने कहा कि गांव में अब तक न सड़क है, न बिजली और न ही पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं, जबकि पहले इन समस्याओं के समाधान का वादा किया गया था।

महिला के सवाल पर जवाब देने की बजाय सांसद नाराज हो गए और उन्होंने महिला से कहा कि “कौन सिखा के भेजा है, सभ्यता सीखो, चुप रहो,” जिसके बाद वहां मौजूद लोगों के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया।

बताया जा रहा है कि गांव के करीब 30 घर अब भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं, और जब महिला अपनी बात रख रही थी, तब सांसद ने उसे बीच में ही रोक दिया और अधिकारियों को बुलाने की बात कही।

हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है और सांसद के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *