गंजबासौदा (विदिशा)। मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई दर्दनाक घटना के बाद भी लापरवाही थमती नजर नहीं आ रही है। अब विदिशा जिला के गंजबासौदा में एक बड़ी त्रासदी होते-होते बच गई, जब पीने के पानी की पाइपलाइन से मरा हुआ सांप बरामद हुआ। तेज बदबू आने के बाद इस चौंकाने वाली लापरवाही का खुलासा हुआ।
मामला गंजबासौदा के वार्ड 21 स्थित राजोदा रोड की शिवनगर कॉलोनी का है, जहां नगर पालिका द्वारा डाली गई अंडरग्राउंड पेयजल पाइपलाइन अचानक जाम हो गई थी। समस्या एडवोकेट हिमांशु कुशवाह के घर के पास अनिल दुबे के मकान के नल कनेक्शन में सामने आई। स्थानीय लोगों ने शिकायत की तो कर्मचारियों को बुलाकर खुदाई कर पाइपलाइन की जांच की गई।
जैसे ही पाइपलाइन खोली गई, अंदर मरा हुआ सांप मिला, जिससे तेज दुर्गंध फैल रही थी। यह नजारा देख क्षेत्रवासियों के होश उड़ गए और इलाके में भय व आक्रोश का माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते यह खुलासा नहीं होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से पूरे वार्ड की पाइपलाइन की तत्काल जांच कराने की मांग की है। साथ ही पेयजल की शुद्धता की जांच स्वास्थ्य विभाग से कराकर रिपोर्ट सार्वजनिक करने और भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की गई है।

