BJP विधायक का ग्रामीणों ने रोका रास्ता: युवाओं ने सुनाई खरी-खरी, उल्टे पांव लौटे एमएलए, ये रही वजह

जबलपुर। मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले के पिंडरुखी गांव में शनिवार शाम बीजेपी विधायक ओमप्रकाश धुर्वे को ग्रामीण युवाओं के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा जब गांव के बाहर ही नाराज युवाओं ने उनके काफिले को रोक लिया और जर्जर सड़क को लेकर जमकर नाराजगी जताई।

युवाओं का कहना है कि पिंडरुखी गांव की सड़क सालों से बदहाल पड़ी है और बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए मजबूर होकर उन्हें विधायक से सीधे जवाब मांगना पड़ा।

हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि विधायक ओमप्रकाश धुर्वे गाड़ी से नीचे नहीं उतरे और तय कार्यक्रम व लोकार्पण के बिना ही वापस लौट गए जिससे गांव में चल रही तैयारियां भी धरी की धरी रह गईं।

यह पूरा मामला अमरपुर विकासखंड के परसेल ग्राम पंचायत अंतर्गत पिंडरुखी गांव का है जहां सड़क की बदहाली अब ग्रामीणों के सब्र की आखिरी हद बन चुकी है और लोगों ने सरपंच व सचिव पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।

विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने बाद में कहा कि युवाओं की नाराजगी जायज है क्योंकि कई बार शिकायत के बाद भी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया और उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे फिर गांव जाकर ग्रामीणों की बात सुनेंगे और समाधान की कोशिश करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *