नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिला में गोवंश तस्करी के शक पर ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। आरी ढोडई गांव के पास सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे ग्रामीणों ने एक पिकअप वाहन को रोका, जिसमें दो गायें लदी हुई थीं। ग्रामीणों को आशंका हुई कि गोवंश को कत्लखाने ले जाया जा रहा है।
इसके बाद ग्रामीणों ने गायों को वाहन से नीचे उतारा और करीब आधे घंटे तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। गुस्साए लोगों ने तस्करी के प्रयास में इस्तेमाल की जा रही पिकअप गाड़ी में आग लगा दी। घटना के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही माखन नगर थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पिकअप पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे गौ-तस्करी और गौ-हत्या के खिलाफ सतर्क हैं और ऐसी किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है।

