खंडवा में नाबालिग से छेड़छाड़ के बाद हिंसक बवाल, एक की मौत और कई घायल, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के जावर थाना क्षेत्र के ग्राम भकराड़ा में नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला हिंसक बवाल में बदल गया। मोबाइल देने और जबरन बात करने की धमकी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच जानलेवा हमला हो गया। इस झड़प में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इंदौर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग घायल हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मृतक के अंतिम संस्कार को देखते हुए पूरे गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार को गांव की 16 वर्षीय नाबालिग ने आरोप लगाया था कि गांव के ही जगदीश और संतोष ने उसके साथ छेड़छाड़ की और जबरन मोबाइल देकर बात करने का दबाव बनाया। पीड़िता ने जब यह बात अपने परिजनों को बताई तो दोनों पक्षों के बीच समझाइश की कोशिश हुई, लेकिन बातचीत जल्द ही विवाद में बदल गई और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। इस हिंसा में शंकर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है और एससी-एसटी एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है।

खंडवा पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारनेकर और एसडीओपी अनिल सिंह चौहान के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस ने ग्राम भकराड़ा निवासी वसीम और गोलू उर्फ जिया को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। गांव में किसी तरह का तनाव न फैले, इसके लिए लगातार पुलिस निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *