इंदौर। शहर के आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में से एक खजराना गणेश मंदिर एक बार फिर विवादों में आ गया है जहां आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश पर सख्त रोक है लेकिन कुख्यात गैंगस्टर सतीश भाऊ सीधे गर्भगृह के भीतर पहुंचकर आराम से दर्शन करता नजर आया और इस पूरे वीआईपी दर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर खुद ही अपलोड कर दिया गया।
मंदिर प्रशासन अब तक सुरक्षा और परंपरा का हवाला देकर कहता रहा है कि गर्भगृह में किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाता और आम भक्तों को बैरिकेड्स के बाहर से ही दर्शन करने पड़ते हैं, त्योहारों और भीड़ के दिनों में श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहते हैं लेकिन वायरल वीडियो ने इन दावों की सच्चाई सबके सामने रख दी है क्योंकि फुटेज में साफ दिख रहा है कि गैंगस्टर गर्भगृह के भीतर विधिवत पूजा-अर्चना कर रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब आम नागरिकों के लिए नियम इतने सख्त हैं तो फिर यह खास सुविधा किसके इशारे पर दी गई, क्या मंदिर के नियम सिर्फ जनता के लिए हैं और रसूखदारों के लिए अलग रास्ता है, इस मामले ने मंदिर प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था दोनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है और शहर में चर्चा तेज है कि आखिर अनुमति किसने दी, जिम्मेदारी किसकी है और क्या इस पर कोई ठोस कार्रवाई होगी या मामला यूं ही ठंडे बस्ते में चला जाएगा, आस्था के केंद्र पर इस तरह का भेदभाव श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचा रहा है।

