एक्टर और कॉमेडियन वीर दास अपनी डायरेक्टेड फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में सुपरस्टार आमिर खान भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में वीर दास ने फिल्म और आमिर खान से पहली मुलाकात के बारे में खुलकर बात की।
वीर दास ने बताया कि जब कोई सुपरस्टार सच में किसी प्रोजेक्ट पर भरोसा करता है, तो वह पूरे दिल से उसका साथ देता है। उन्होंने कहा कि आमिर खान को जिस ऊँचे मुकाम पर रखा गया है, उनसे मिलने का अनुभव थोड़ा डराने वाला था।
वीर ने बताया कि उन्होंने करीब 10 साल तक आमिर सर से बात नहीं की थी। फिर एक दिन उन्होंने मैसेज किया, “आमिर सर, क्या मैं आपको कॉल कर सकता हूँ?” आमिर खान ने तुरंत हां कर दी और फोन उठाते ही ऐसा लगा जैसे वे हर हफ्ते बात करते हों। वीर ने कहा कि उनके पास एक फिल्म है और वे चाहते हैं कि सिर्फ आमिर खान ही इसे बनाएं, वरना कोई और नहीं। आमिर ने कहा, “ठीक है, अगले हफ्ते आकर मुझे नैरेशन दो।”
वीर ने आगे कहा कि आमिर खान बहुत सहज और मिलनसार हैं। उन्होंने नैरेशन के नौ राउंड लिए, क्योंकि उनकी सबसे बड़ी चिंता स्क्रिप्ट की गुणवत्ता थी। नौ बार नैरेशन के बाद आमिर ने कहा, “थोड़े पैसे लो और पांच सीन शूट करके दिखाओ।” टेस्ट शूट के बाद उन्होंने कहा, “गो ऑन फ्लोर्स,” यानी आगे बढ़ो।
फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही है और 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में मोना सिंह, शरीब हाशमी और मिथिला पालकर भी प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।

