राइट टू रिकॉल के तहत आज मतदान, बीजेपी से निष्कासित पालिका अध्यक्ष नेहा जैन के भविष्य पर जनता का फैसला

सागर। राइट टू रिकॉल व्यवस्था के तहत देवरी नगर पालिका अध्यक्ष नेहा जैन के भाग्य का फैसला आज जनता के हाथों में है। भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद बीजेपी से निष्कासित की जा चुकी नेहा जैन को पद से हटाने के लिए आज मतदान कराया जा रहा है, जिसमें मतदाता खाली कुर्सी या भरी कुर्सी में से किसी एक विकल्प को चुनेंगे।

दरअसल, नगरीय प्रशासन विभाग ने नेहा जैन को अध्यक्ष पद से हटाकर दूसरी महिला पार्षद को अध्यक्ष नामित किया था, लेकिन नेहा जैन ने इस फैसले के खिलाफ न्यायालय से स्टे ले लिया और दोबारा अध्यक्ष पद पर काबिज हो गईं। इसके बाद 15 में से 13 पार्षदों ने उनके खिलाफ अविश्वास जताया, जिसके आधार पर राइट टू रिकॉल के तहत निर्वाचन कार्यालय ने चुनाव की अधिसूचना जारी की।

अगर खाली कुर्सी को अधिक वोट मिलते हैं तो नेहा जैन को पद छोड़ना होगा और दोबारा चुनाव होंगे, वहीं भरी कुर्सी के पक्ष में अधिक मतदान होने पर नेहा जैन अध्यक्ष पद पर बनी रहेंगी।

पिछले दस दिनों से दोनों पक्षों ने जोरदार प्रचार किया। एक ओर बीजेपी संगठन, पार्षद और विधायक बृजबिहारी पटैरिया ने खाली कुर्सी के समर्थन में जनता से अपील की, तो दूसरी ओर नेहा जैन और उनके पति अलकेश जैन ने समर्थकों के साथ भरी कुर्सी के लिए वोट मांगे।

देवरी नगर के सभी 15 वार्डों में 30 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां आज कुल 19,248 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। मतदान के नतीजे 21 जनवरी को घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *