वाराणसी.महाशिवरात्रि 2026 को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और विश्व प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने खास इंतजाम तय कर दिए हैं, ताकि भक्तों को बिना रुकावट बाबा विश्वनाथ के दर्शन मिल सकें।
महाशिवरात्रि के मौके पर काशी विश्वनाथ मंदिर के कपाट लगातार 45 घंटे तक खुले रहेंगे और 15 फरवरी से 16 फरवरी रात 11 बजे तक श्रद्धालु अनवरत दर्शन कर सकेंगे, इस दौरान मंदिर प्रशासन की ओर से एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
इस विशेष अवधि में वीवीआईपी दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे और किसी भी तरह का VIP प्रोटोकॉल लागू नहीं होगा, यानी सभी श्रद्धालुओं को समान रूप से दर्शन का अवसर मिलेगा।
जानकारी के अनुसार 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती सुबह 2 बजकर 15 मिनट पर शुरू होकर 3 बजकर 15 मिनट पर संपन्न होगी, इसके बाद 3 बजकर 30 मिनट से गर्भगृह के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
15 फरवरी सुबह 3 बजकर 30 मिनट से लेकर 16 फरवरी सुबह 6 बजकर 30 मिनट तक बाबा का दर्शन पूजन लगातार चलता रहेगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले लाखों भक्त महादेव के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे।


