मथुरा.एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक ही परिवार के पांच लोगों की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घर का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई और पति-पत्नी समेत तीन मासूम बच्चों के शव बरामद किए, इसके बाद सभी शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और अब पूरी घटना की हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई है।
यह मामला महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव का है, जहां काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं दिखी तो पड़ोसियों को शक हुआ, उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो सभी लोग अचेत हालत में पड़े नजर आए, इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और गांव में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो शवों के पास दूध से भरे गिलास पड़े मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दूध में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया होगा, हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि यह सामूहिक आत्महत्या का मामला है या फिर किसी ने पूरे परिवार की हत्या की है।
फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असल वजह सामने आएगी और तब इस रहस्य से पर्दा उठ पाएगा कि आखिर एक ही घर में पांच जिंदगियां कैसे खत्म हो गईं।

