कांग्रेस शासन के कलंक को हमने मिटाया, यूनियन कार्बाइड का निरीक्षण कर बोले CM डॉ मोहन, राहुल गांधी से मांगी माफी की मांग

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड परिसर का निरीक्षण किया और कांग्रेस शासन पर तीखा हमला बोला। सीएम ने कहा कि वर्ष 1984 में कांग्रेस के शासनकाल में यह दाग देश पर लगा, जब दुनिया की सबसे बड़ी औद्योगिक त्रासदी हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक के बाद एक पाप किए, जहरीला कचरा यहीं छोड़ दिया गया और 25 साल तक उसे यूं ही पड़ा रहने दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने कोर्ट के मार्गदर्शन में निष्पादन कर यह साबित किया कि इस तरह के जहरीले संकट से निपटा जा सकता है। हमने कांग्रेस शासन के इस कलंक को मिटाया है और दुनिया को एक मजबूत संदेश दिया है। आने वाले समय में यहां मेमोरियल या अन्य विकास कार्य भी किए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने यूनियन कार्बाइड के मालिक वॉरेन एंडरसन को भगाया और कहा कि राहुल गांधी को इस पूरे मामले को लेकर देश से माफी मांगनी चाहिए। सीएम ने यह भी कहा कि उन्हें बताया गया है कि यह पहला मौका है जब कोई मुख्यमंत्री यूनियन कार्बाइड परिसर में निरीक्षण के लिए आया है।

कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि बरैया ने समाज में विद्वेष फैलाने का काम किया है और ऐसे व्यक्ति को राहुल गांधी को तुरंत पार्टी से बाहर करना चाहिए। सीएम ने कहा कि राहुल गांधी प्रदेश में आए हुए हैं, उन्हें यह साबित करना चाहिए कि उनके मन में समाज के सभी वर्गों के लिए सम्मान है। फूलसिंह बरैया जैसे विधायक को सस्पेंड कर पार्टी से बाहर किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि वह बरैया के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *