हम यूपी के लोग गर्व करते हैं कि आप काशी से सांसद हैं, आपके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश बन रहा है नए भारत की मजबूत पहचान

लखनऊ. उत्तर प्रदेश दिवस के पावन अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश प्रदेशवासियों को पढ़कर सुनाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपका स्नेह और विश्वास उत्तर प्रदेश को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी, उत्तर प्रदेश दिवस के इस शुभ अवसर पर आपके आत्मीय और प्रेरक संदेश के लिए प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से मैं हृदय से कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। आपका संदेश उत्तर प्रदेश के प्रति आपके अटूट विश्वास और अपार स्नेह का प्रतीक है, जो हमें हर दिन नई ऊर्जा देता है।

उन्होंने कहा कि आपके यशस्वी मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आज सुशासन के मंत्र, गरीब कल्याण के संकल्प, अंत्योदय की नीति और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य के साथ निरंतर प्रगति कर रहा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के अनुरूप आज उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही पुण्य भूमि है जहां प्रभु श्रीराम की मर्यादा, श्रीकृष्ण का कर्मयोग, गौतम बुद्ध की करुणा, संत तुलसीदास और संत कबीर का लोकधर्म तथा संत रैदास की सामाजिक चेतना एक साथ प्रवाहित होती है। हम यूपी के लोग गर्व करते हैं कि आप काशी से सांसद हैं।

उन्होंने आगे कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकसित भारत के नेतृत्व का दायित्व पूरे आत्मविश्वास, प्रतिबद्धता और कर्तव्यबोध के साथ निभाने के लिए संकल्पित है। जब आप स्वयं को काशी का सांसद बताते हैं, तो पूरा उत्तर प्रदेश गौरव से भर उठता है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश को कभी अव्यवस्था, असुरक्षा और पिछड़ेपन का प्रतीक माना जाता था, वही प्रदेश आज सुरक्षा, उद्यम, निवेश, नवाचार और रोजगार का विश्वसनीय केंद्र बन चुका है। यह बदलाव केवल योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन में लौटे सम्मान, सुरक्षा और आशा का जीवंत प्रमाण है।

अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके स्नेह, विश्वास और सतत मार्गदर्शन से प्रेरित होकर उत्तर प्रदेश सरकार ‘नए भारत के नए उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को पूरी निष्ठा के साथ साकार करती रहेगी और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अपना समस्त सामर्थ्य समर्पित करेगी। एक बार फिर आपके प्रेरक संदेश और उत्तर प्रदेश पर अटूट विश्वास के लिए हार्दिक आभार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *