नीम करौली बाबा जिन्हें उनके भक्त हनुमान जी का रूप मानते थे, उनकी सादगी और चमत्कारों की कहानियां आज भी लोगों की जुबान पर हैं। अब उनकी जिंदगी पर एक वेब सीरीज बनाई जा रही है जिसका नाम ‘संत’ है।
यह वेब सीरीज 7 पार्ट में और 20 भाषाओं में बनाई जाएगी। इसमें एआई तकनीक का इस्तेमाल कर नीम करौली बाबा के विजुअल्स बनाए जाएंगे। लाइव एक्शन सिनेमैटिक शूट और हाई-एंड वीएफएक्स से अलग-अलग समय और घटनाओं को उसी तरह प्रभावशाली ढंग से दिखाया जाएगा जैसे वे वास्तव में हुए थे।
इस सीरीज में बाबा के जीवन, दर्शन और उनके वैश्विक प्रभाव की कहानी दिखाई जाएगी। नीम करौली बाबा ने स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग और जूलिया रॉबर्ट्स जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारों को भी गहराई से प्रभावित किया था।
वेब सीरीज ‘संत’ के जरिए बाबा की आध्यात्मिक यात्रा, उनके प्रेम, सेवा, भक्ति और करुणा के दर्शन को आधुनिक सिनेमा की भाषा में विश्व के दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रोजेक्ट है जो भारतीय आध्यात्म और विश्व सिनेमा के बीच पुल का काम करेगा।
नीम करौली बाबा की इस वेब सीरीज पर पिछले दो साल से काम चल रहा है, जिसमें आध्यात्मिक विद्वानों, इतिहासकारों और क्रिएटिव एक्सपर्ट्स की मदद से रिसर्च भी की गई है ताकि प्रस्तुति प्रामाणिक और संवेदनशील हो।
प्रोड्यूसर प्रभलीन संधू ने इस प्रोजेक्ट को अपनी आध्यात्मिक जिम्मेदारी बताया है। उनका कहना है कि नीम करौली बाबा ने उनके जीवन के कठिन दौर में मार्गदर्शन किया और उनकी रक्षा की। एक श्रद्धालु के तौर पर यह कहानी दुनिया तक पहुंचाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। वे सुनिश्चित करेंगी कि यह वेब सीरीज पूरी निष्ठा, भक्ति और उच्च गुणवत्ता के साथ बने।

