ये कैसा स्वागत… भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर शहडोल की सड़कों पर JCB शो, शहर जाम, एंबुलेंस और स्कूली बच्चे हुए परेशान

शहडोल। संभागीय मुख्यालय शहडोल में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के नगर आगमन पर किए गए स्वागत इंतजामों ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दीं और शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

स्वागत के नाम पर प्रमुख चौराहों और नुक्कड़ों पर चार से छह जेसीबी मशीनें सड़कों पर खड़ी कर दी गईं जिन्हें फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था और युवा मोर्चा के पदाधिकारी इन्हीं मशीनों पर चढ़कर स्वागत की तैयारी करते नजर आए।

सड़कों पर खड़ी भारी मशीनों की वजह से देखते ही देखते कई इलाकों में लंबा जाम लग गया और वाहन चालकों को घंटों फंसे रहना पड़ा जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सबसे ज्यादा असर रघुराज स्कूल के सामने देखने को मिला जहां स्कूल समय के दौरान जाम की स्थिति बनी रही और स्कूली बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को आने जाने में दिक्कतें झेलनी पड़ीं।

जाम के बीच एंबुलेंस भी फंसी नजर आई जिससे आपात सेवाओं की स्थिति पर सवाल खड़े हो गए और स्थानीय लोगों ने कहा कि स्वागत की इस दिखावटी व्यवस्था में आम जनता की सुविधा को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया।

ट्रैफिक पुलिस हालात संभालने में जुटी रही लेकिन भारी मशीनों की वजह से यातायात सुचारू रूप से नहीं चल सका और सुबह से शाम तक लोग जाम में फंसे रहे।

वहीं पूरे मामले पर शहडोल यातायात प्रभारी संजय जायसवाल का कहना है कि वे फिलहाल विभागीय मीटिंग में हैं और यदि इस तरह से जाम की स्थिति बनी है तो मामले को दिखवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *