ये सब क्या हो रहा था, 5–6 महीनों से दुकान से गायब हो रहा था सामान, सच्चाई सामने आई तो दुकानदार के उड़ गए होश

चंदौली. गल्ला मंडी मोड़ स्थित मॉडर्न केक शॉप पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महीनों से हो रही चोरी की सच्चाई अचानक सामने आ गई। दुकान संचालक राहुल जायसवाल ने बताया कि बीते 5 से 6 महीनों से उनकी दुकान से केक, सामान और अन्य वस्तुएं लगातार गायब हो रही थीं, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। गुरुवार को दो संदिग्ध महिलाएं दुकान पर आईं, जिनकी गतिविधियां कुछ अलग लगीं, जिसके बाद दुकानदार ने उन पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान दोनों महिलाएं चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ ली गईं।

मामले की जानकारी मिलते ही पीआरवी 112 पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। बताया जा रहा है कि ये महिलाएं गिरोह बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थीं और इस पूरे मामले में 5 से 6 लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल दो महिलाओं को पकड़ लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी घटना कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और उसी के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों महिलाओं से पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।

दुकानदार और स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से मांग की है कि पूरे चोरी गिरोह का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यापारी को इस तरह का नुकसान न उठाना पड़े। व्यापारियों का कहना है कि आए दिन हो रही इन चोरी की घटनाओं से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *