मध्यप्रदेश के सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र में शादी से जुड़ा एक मामला अब नया मोड़ ले चुका है। कुछ दिन पहले जहां युवती ने विदाई से ठीक पहले अपनी शादी तोड़ दी थी, वहीं अब वही युवती अपने दूल्हे के साथ रहने की जिद पर अड़ गई है।
दरअसल 13 फरवरी को कोठी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी दिलौना निवासी रिशु के साथ हुई थी। शादी की रस्में पूरी हो चुकी थीं और विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी कुछ किन्नर मौके पर पहुंचे और लड़की पक्ष को बताया कि दूल्हा किन्नर है। इतना ही नहीं, वे उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश भी करने लगे। यह बात सामने आते ही शादी समारोह में हड़कंप मच गया और युवती व उसके परिजनों ने शादी तोड़ने का फैसला ले लिया।
लेकिन करीब 15 दिन बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। युवती खुद अपने दूल्हे को लेकर थाने पहुंची और पुलिस से साफ कहा कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है और उसे उसके साथ जीवन बिताने में कोई परेशानी नहीं है। युवती की यह बात सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को साथ रहने की अनुमति देते हुए घर भेज दिया।
हालांकि युवती के पिता ने दूल्हे के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दूल्हे के किन्नर होने की बात सच है या केवल अफवाह। अब मेडिकल परीक्षण के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी। मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

