इंदौर। क्राइम ब्रांच पुलिस ने एक सनकी आशिक को गिरफ्तार किया है, जिसने शादी टूटने के बाद बदले की आग में हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी आयुष अग्निहोत्री पेशे से सिविल इंजीनियर है, लेकिन उसकी करतूतें किसी शातिर अपराधी से कम नहीं थीं। पुलिस जांच में सामने आया कि शादी तय होने के बाद कुंडली नहीं मिलने से रिश्ता टूट गया और इसी खुन्नस में आरोपी ने युवती को मानसिक रूप से तोड़ने की खौफनाक साजिश रच डाली।
आरोपी ने AI तकनीक का इस्तेमाल कर युवती की फर्जी और अश्लील तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें पोस्टर बनाकर उसके घर के आसपास, अलग-अलग इलाकों की दीवारों और यहां तक कि सार्वजनिक शौचालयों में भी चिपकाया। इन पोस्टरों पर युवती का मोबाइल नंबर लिखा जाता था, ताकि उसे लगातार फोन कॉल्स के जरिए प्रताड़ित किया जा सके। यही नहीं, आरोपी ने युवती को तेजाब फेंकने की धमकी देकर उसकी जिंदगी को दहशत में डाल दिया।
पुलिस के मुताबिक दोनों परिवारों की मुलाकात एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई थी। रिश्ता आगे बढ़ा, लेकिन कुंडली नहीं मिलने पर युवती के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया। यही बात आरोपी के अहंकार पर चोट बन गई और उसने बदनाम करने और डराने का रास्ता चुन लिया। आरोपी न सिर्फ युवती, बल्कि उसके रिश्तेदारों और मोहल्ले वालों को भी AI से बनी आपत्तिजनक तस्वीरें भेजता था।
वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी बेहद शातिर तरीके अपनाता था। वह इंदौर से बसों में सफर कर उज्जैन, देवास, खातेगांव, आष्टा और धार जैसे शहरों के डाकघरों से पोस्टर और आपत्तिजनक सामग्री भेजता था, ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। सफर के दौरान वह चेहरे पर मास्क लगाए रखता था और मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने पुलिस से बचने और अपराध करने के तरीके क्राइम पेट्रोल जैसे टीवी शोज देखकर सीखे थे। डिजिटल फॉरेंसिक जांच में AI से बनाई गई अश्लील तस्वीरों के पुख्ता सबूत मिले हैं, जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर आईटी एक्ट, महिला उत्पीड़न और धमकी से जुड़ी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

