भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। अप्रैल से जून के बीच प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटें खाली होने जा रही हैं, जिसके बाद चुनाव कराए जाएंगे। इनमें से दो सीटें भारतीय जनता पार्टी के खाते में हैं, जबकि एक सीट कांग्रेस के हिस्से में आएगी। ऐसे में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों में दावेदारी और जोड़-तोड़ का दौर शुरू हो चुका है और हर कोई जानना चाहता है कि आखिर मध्य प्रदेश से उच्च सदन में जाने वाले तीन चेहरे कौन होंगे।
अप्रैल से जून के बीच जिन तीन सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें बीजेपी के सुमेर सिंह सोलंकी और केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन शामिल हैं, जबकि कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह की सीट खाली हो रही है। राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए माना जा रहा है कि बीजेपी को दो और कांग्रेस को एक सीट मिलना तय है। जॉर्ज कुरियन को दोबारा राज्यसभा भेजे जाने की अटकलें तेज हैं, वहीं सुमेर सिंह सोलंकी को लेकर स्थिति साफ नहीं है और पार्टी किसी नए चेहरे पर भी दांव खेल सकती है।
भारतीय जनता पार्टी में राज्यसभा के लिए दावेदारों की सूची काफी लंबी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य, पूर्व कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त विनोद गोटिया, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, कांग्रेस से बीजेपी में आए पूर्व मंत्री रामनिवास रावत और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के नाम चर्चा में हैं। इसके साथ ही पार्टी किसी युवा चेहरे या फिर साधु-संत को भी राज्यसभा भेजकर नया सियासी संदेश देने की रणनीति बना सकती है।
कांग्रेस खेमे में भी हलचल कम नहीं है। दिग्विजय सिंह ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि वे दोबारा राज्यसभा नहीं जाएंगे, जिसके बाद कांग्रेस में दावेदारों की कतार लग गई है। इस दौड़ में पूर्व सांसद नकुलनाथ, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन और दलित नेता प्रदीप अहिरवार के नाम सामने आ रहे हैं। कांग्रेस भी इस बार किसी युवा चेहरे को मौका देकर नया प्रयोग कर सकती है।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं, जिनमें से 8 पर बीजेपी और 3 पर कांग्रेस का कब्जा है। 9 अप्रैल को दिग्विजय सिंह और सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल पूरा हो रहा है, जबकि जून 2026 में जॉर्ज कुरियन का कार्यकाल खत्म होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि इन तीन सीटों पर कौन से चेहरे सियासी बाजी मारते हैं और किसे राज्यसभा पहुंचने का मौका मिलता है।

