दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो लड़कियां नशे की हालत में मिलीं और उन्हें संभालते हुए एक महिला आरक्षक जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उनका मेडिकल परीक्षण किया और दोनों को भर्ती कर लिया गया। जानकारी के मुताबिक दोनों लड़कियां इतनी ज्यादा नशे में थीं कि वे ठीक से कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थीं, हालांकि प्राथमिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें किसी ने नशा दिया है और उनके साथ मारपीट भी की गई है। फिलहाल इन बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों बच्चियों को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती किया गया और अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि लड़कियों के पूरी तरह होश में आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि उन्हें नशा किसने दिया और इसके पीछे क्या इरादा था, फिलहाल हर एंगल से जांच जारी है।

