विधानसभा अध्यक्ष कौन बनेगा? श्रवण कुमार की चुप्पी और तेजस्वी–नीतीश के बीच दिखी नई गर्माहट

पटना। बिहार की 18वीं विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू हुआ और पहले ही दिन सदन का माहौल राजनीति के तनाव के बीच सौहार्द्र से भरा नजर आया। सबसे पहले मंत्रियों ने शपथ ली, जिसके तुरंत बाद नवनिर्वाचित विधायकों की शपथ प्रक्रिया शुरू हुई। सम्राट चौधरी जैसे ही शपथ लेकर लौटे, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी सीट से खड़े हो गए और उनका अभिवादन किया। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया, जिसने सदन में एक सकारात्मक संदेश दिया। इसके बाद डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छुए और फिर तेजस्वी यादव से गले मिलकर राजनीतिक हलचल के बीच एक सहज दृश्य पेश किया। नीतीश और तेजस्वी के बीच हल्की-फुल्की बातचीत भी कैमरों में कैद हुई, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया।

सदन में पहली पंक्ति में मुख्यमंत्री के साथ मंत्री विजय चौधरी, श्रवण कुमार और मंगल पांडेय बैठे दिखाई दिए, जबकि दूसरी पंक्ति में लेसी सिंह, नितिन नवीन, श्रेयसी सिंह, जमा खान, रामकृपाल यादव और संजय सिंह टाइगर मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के दौरान वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार सहित कई विधायकों ने अपनी क्षेत्रीय पहचान को दर्शाते हुए मैथिली भाषा में शपथ ली। वहीं सीमांचल के विधायकों—आबिदुर्रहमान, कमरूल होदा, सरबर आलम, अख्तरुल ईमान और मुर्शीद आलम—ने उर्दू में शपथ ली और अंत में “जय बिहार–जय सीमांचल” कहकर क्षेत्रीय एकता का संदेश दिया।

कटिहार के विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने संस्कृत में शपथ ली, जिससे सदन का माहौल और भी गरिमामय हो गया। इस बीच टेकारी के विधायक अजय डांगी आज फिर चर्चा में रहे क्योंकि वे ऑटो से ही विधानसभा पहुंचे, जबकि प्रेम कुमार ने सदन में प्रवेश करते ही नमस्कार कर परंपरा निभाई।

सदन के बाहर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष विरोध तो करे, पर सरकार के रोजगार और उद्योग विकास के कामों को समर्थन देना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेवजह बयानबाज़ी ने ही विपक्ष को 40 सीटों पर ला दिया है और अगर यही रवैया रहा तो जनता इन्हें ज़ीरो पर भी आउट कर देगी। कांग्रेस विधायकों के जेडीयू से संपर्क की खबरों पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि विकास के दरवाजे सबके लिए खुले हैं। लेकिन जब सवाल विधानसभा अध्यक्ष के चयन का आया, तो उन्होंने साफ तौर पर चुप्पी साध ली—जिससे सस्पेंस और बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *